REITs और InvITs ऐसे इन्वेस्टमेंट इंस्ट्रूमेंट हैं, जिनके जरिए बिना जमीन, बिल्डिंग या हाईवे खरीदे आप रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश कर सकते हैं. ये म्यूचुअल फंड की तरह काम करते हैं और स्टॉक एक्सचेंज पर शेयरों की तरह खरीदे-बेचे जा सकते हैं. ICRA Analytics के मुताबिक, साल 2025 में लिस्टेड REITs और InvITs ने औसतन 19.55% रिटर्न दिया, जो निफ्टी 50 और सरकारी बॉन्ड इंडेक्स से भी बेहतर रहा.
REITs क्या होते हैं?
REITs कमाई करने वाली प्रॉपर्टी जैसे ऑफिस स्पेस, मॉल या कमर्शियल बिल्डिंग में निवेश करते हैं. इनकी आमदनी का मुख्य जरिया किराया होता है. REITs की संरचना म्यूचुअल फंड जैसी होती है, जिसमें स्पॉन्सर, मैनेजमेंट कंपनी और ट्रस्ट शामिल होते हैं. नियमों के तहत, REITs को अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा निवेशकों में बांटना होता है, जिससे रेगुलर इनकम मिलती है. ICRA के आंकड़ों के मुताबिक, REITs का रिटर्न 2024 में 16.81% से बढ़कर 2025 में 29.68% तक पहुंच गया, जो मजबूत लीजिंग और स्थिर रेंट इनकम को दर्शाता है.
InvITs क्या होते हैं?
InvITs इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स जैसे सड़कें, पावर ट्रांसमिशन लाइन, रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट में निवेश करते हैं. इन प्रोजेक्ट्स में आमतौर पर लंबी अवधि के कॉन्ट्रैक्ट होते हैं, जिससे कैश फ्लो अपेक्षाकृत स्थिर रहता है. 2025 में पावर InvITs ने 20.22% रिटर्न दिया, जबकि रोड InvITs का प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा.
टैक्स कैसे लगता है?
REITs और InvITs को टैक्स में पास-थ्रू स्टेटस मिला हुआ है यानी ट्रस्ट पर टैक्स नहीं लगता, बल्कि यूनिटहोल्डर अपने हाथ में टैक्स चुकाते हैं.
- ब्याज, किराया और डिविडेंड इनकम पर स्लैब के हिसाब से टैक्स
- शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन पर 20%
- लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन पर 12.5% टैक्स लगता है
क्यों बढ़ रही है इनकी लोकप्रियता?
विशेषज्ञों के मुताबिक, REITs और InvITs की खास बात यह है कि इनकी कमाई फिजिकल एसेट्स से आती है. ऑफिस, हाईवे, पावर लाइन जिनसे लगातार कैश फ्लो होता है. इससे निवेशकों को रिटर्न की विजिबिलिटी मिलती है और इक्विटी के मुकाबले उतार-चढ़ाव कम रहता है.
किन निवेशकों के लिए सही?
REITs उन निवेशकों के लिए बेहतर हैं, जो कमर्शियल रियल एस्टेट से रेगुलर इनकम और लंबी अवधि में ग्रोथ चाहते हैं. InvITs उन लोगों के लिए सही हैं, जो भारत की इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ स्टोरी में कम रिस्क के साथ हिस्सा लेना चाहते हैं.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.