Gold Price Today: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच बुधवार को सर्राफा बाजार में हलचल रही, जहां चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट आई, वहीं सोने के भाव में मामूली बढ़त देखी गई.
चांदी धड़ाम, सोने में मामूली तेजी
आईबीजेए के मुताबिक, बुधवार को 999 प्योरिटी वाला गोल्ड 1,60,230 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया, जबकि इससे पहले मंगलवार को 999 प्योरिटी वाले गोल्ड की कीमत 1,60,188 रुपये थी यानी एक दिन में सोने का भाव 42 रुपये महंगा हुआ है. वहीं चांदी की बात करें तो बुधवार को 999 प्योरिटी वाली चांदी का भाव 2,66,010 रुपये प्रति किलोग्राम रहा. इससे पहले बीते मंगलवार को इसकी कीमत 2,70,944 रुपये प्रति किलोग्राम थी यानी आज चांदी के दाम में 4,934 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है.
MCX पर गिरी सोने-चांदी की कीमत
वहीं अगर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने-चांदी की कीमतों की बात करें तो शाम करीब 5.57 बजे तक अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 955 रुपये यानी 0.58 फीसदी की गिरावट के साथ 1,62,348 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया. वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी 2.71 फीसदी यानी 7,524 रुपये गिरकर 2,70,326 पर पहुंच गई.
मिडिल ईस्ट तनाव को लेकर मिले-जुले संकेतों के चलते माहौल अस्थिर
बाजार में सोने और चांदी में गिरावट पर मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में कमोडिटीज एनालिस्ट मानव मोदी ने कहा कि युद्ध को लेकर मिले-जुले संकेतों के चलते माहौल अस्थिर बना हुआ है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले संकेत दिया था कि तनाव जल्द खत्म हो सकता है, जबकि बुधवार की सुबह तक अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष से तत्काल तनाव कम होने के कोई संकेत नहीं मिले, जिससे युद्ध लगातार बारहवें दिन भी जारी रहा.
फोकस में रहेंगे अमेरिकी जीडीपी और महंगाई के आंकड़े
हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायल से ईरान पर हमले रोकने का आग्रह किया, जबकि ईरान ने जहाजों के आवागमन को रोकने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछाने का दावा किया. एक्सपर्ट ने आगे बताया कि अब सबकी नजर अमेरिका से आने वाले जीडीपी और महंगाई के आंकड़ों पर है. इन आंकड़ों से साफ होगा कि आने वाले समय में सोने-चांदी की कीमतें किस दिशा में जाएंगी. फिलहाल युद्ध के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.