म्यूचुअल फंड निवेश में सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) और सिस्टमैटिक ट्रांसफर प्लान (SWP) दो अलग रणनीतियां हैं. SWP के जरिए निवेशक अपने निवेश से नियमित अंतराल पर पैसा निकाल सकते हैं, जबकि STP में एक फंड से दूसरे फंड में धीरे-धीरे पैसा ट्रांसफर किया जाता है.
SWP या STP, किस रणनीति से मिलेगा ज्यादा फायदा
क्या होता है SWP?
SWP यानी सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान के जरिए निवेशक अपने म्यूचुअल फंड निवेश से नियमित अंतराल पर तय रकम निकाल सकते हैं. यह रकम मंथली, तिमाही या सालाना आधार पर मिल सकती है. आसान भाषा में कहें तो SWP एक तरह से नियमित इनकम का जरिया बन सकता है. यही वजह है कि इसका इस्तेमाल खासतौर पर रिटायरमेंट के बाद या उन निवेशकों द्वारा किया जाता है जिन्हें अपने निवेश से नियमित कैश फ्लो चाहिए होता है. उदाहरण के तौर पर अगर किसी ने म्यूचुअल फंड में 10 लाख रुपये निवेश किए हैं, तो वह हर महीने 10,000 रुपये निकालने के लिए SWP शुरू कर सकता है.
क्या होता है STP?
STP यानी सिस्टमैटिक ट्रांसफर प्लान में निवेशक एक म्यूचुअल फंड स्कीम से दूसरी स्कीम में धीरे-धीरे पैसा ट्रांसफर करते हैं. आमतौर पर निवेशक पहले अपना पैसा किसी कम जोखिम वाले फंड जैसे लिक्विड या डेट फंड में रखते हैं और फिर तय अंतराल पर उसे इक्विटी फंड में ट्रांसफर करते रहते हैं. इसका फायदा यह है कि निवेशक एक साथ बड़ी रकम बाजार में लगाने के जोखिम से बच सकता है. धीरे-धीरे ट्रांसफर होने से बाजार के उतार-चढ़ाव का असर भी कम पड़ता है.
SWP और STP में मुख्य अंतर
- SWP का मकसद: निवेश से नियमित पैसा निकालना
- STP का मकसद: एक फंड से दूसरे फंड में पैसा ट्रांसफर करना
- SWP का इस्तेमाल: आमतौर पर रिटायरमेंट या रेगुलर इनकम के लिए
- STP का इस्तेमाल: धीरे-धीरे इक्विटी में निवेश बढ़ाने के लिए
कौन सा ऑप्शन ज्यादा फायदेमंद?
यह पूरी तरह निवेशक के लक्ष्य पर निर्भर करता है. अगर आपको अपने निवेश से नियमित इनकम चाहिए, तो SWP बेहतर ऑप्शन हो सकता है. वहीं अगर आपके पास बड़ी रकम है और आप उसे धीरे-धीरे इक्विटी में निवेश करना चाहते हैं, तो STP ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है. इसलिए निवेश करने से पहले अपने फाइनेंशियल गोल, रिस्क उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि को ध्यान में रखकर ही SWP या STP का चुनाव करना चाहिए.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.