Gold-Silver Price : मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने और चांदी का भाव ताबड़तोड़ बढ़ता ही जा रहा है. चांदी तो पहली बार 3 लाख का स्तर पार कर चुकी है, जबकि सोने का भाव 1.45 लाख प्रति 10 ग्राम से भी ऊपर निकल चुका है.
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोमवार को निवेशकों की मजबूत मांग और सकारात्मक वैश्विक रुझानों से वायदा कारोबार में चांदी की कीमत में भारी उछाल आया. इसके साथ ही चांदी पहली बार 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों का वायदा भाव 13,553 रुपये या 4.71 फीसदी की भारी तेजी के साथ 3,01,315 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.
ग्लोबल मार्केट में भी मजबूत उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंध की कीमत 5.81 डॉलर या 6.56 फीसदी की बढ़त के साथ 94.35 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. विश्लेषकों का कहना है कि औद्योगिक मांग में तेजी और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी ने चांदी को जबरदस्त समर्थन दिया है जो हाल के सत्रों में सोने से बेहतर प्रदर्शन कर रही है. इसका मतलब है कि चांदी ने फिलहाल सोने से भी कहीं ज्यादा रिटर्न दिया है.
सोना भी ढाई हजार रुपये महंगा
चांदी की तरह सोने की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है. एमसीएक्स पर सोमवार को सोने का वायदा भाव 2,443 रुपये उछाल के साथ 1,44,941 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है. यह 1.71 फीसदी का उछाल है. आज सोने का वायदा भाव 1,43,321 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला और एक समय यह 1,45,500 रुपये तक चला गया. एक्सपर्ट का अनुमान है कि शादियों का सीजन शुरू होने पर घरेलू डिमांड और बढ़ेगी, जिसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर दिख सकता है.
आगे कैसा रहा सोने-चांदी का भविष्य
सुरक्षित निवेश की मांग और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से नीतिगत दर में कटौती की उम्मीदों के चलते आने वाले सप्ताह में सोने की कीमतों में तेजी का रुख बने रहने की संभावना है. हालांकि, तेज उछाल के बाद चांदी में कारोबार कुछ हद तक स्थिर या सीमित दायरे में रह सकता है, लेकिन सोने में तेजी बनी रहने की संभावना है. विश्लेषकों ने कहा कि निवेशकों की नजर अगले सप्ताह वैश्विक स्तर पर जारी होने वाले प्रमुख आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी. जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा शोध) प्रणव मेर ने कहा कि चीन से आने वाले आर्थिक आंकड़े औद्योगिक धातुओं के लिहाज से अहम होंगे.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.