यह योजना खास तौर पर छोटे उद्यमियों, दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, कारीगरों और स्टार्टअप शुरू करने की सोच रहे लोगों के लिए बनाई गई है. अच्छी बात यह है कि इस लोन के लिए आपको किसी तरह की संपत्ति गिरवी रखने की जरूरत नहीं होती.
क्या है मुद्रा योजना और ‘शिशु’ लोन?
मुद्रा लोन दरअसल प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत दिया जाने वाला बिजनेस लोन है. इस स्कीम के तहत पहले 10 लाख रुपये का लोन दिया जाता था, लेकिन वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में ऐलान के बाद इसे दोगुना यानी 20 लाख रुपये कर दिया गया. प्रधानमंत्री मुद्रा योजना को मुख्य रूप से 4 कैटेगरी में बांटा गया है- शिशु, किशोर, तरुण और तरुण प्लस. इनमें ‘शिशु लोन’ उन लोगों के लिए है जो अपना नया काम शुरू करना चाहते हैं या जिन्हें बहुत छोटे लेवल पर पूंजी की जरूरत है. सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि 50,000 रुपये तक के इस लोन के लिए आपको बैंक को कोई भी सिक्योरिटी या गारंटी देने की जरूरत नहीं होती.
- शिशु लोन: 50,000 रुपये तक.
- किशोर लोन: 50,000 से 5 लाख रुपये तक.
- तरुण लोन: 5 लाख से 10 लाख रुपये तक.
- तरुण प्लस लोन: 10 लाख से 20 लाख रुपये तक.
बिना गारंटी लोन कैसे मिलेगा?
मुद्रा लोन की सबसे खास विशेषता इसकी सुलभता है. सरकार का मकसद स्वरोजगार को बढ़ावा देना है, इसलिए प्रक्रिया को काफी सरल रखा गया है. 50 हजार रुपये तक के लोन के लिए आपको अपनी जमीन, सोना या कोई कीमती सामान गिरवी रखने की जरूरत नहीं है. दूसरे कमर्शियल लोन के मुकाबले इसमें डॉक्यूमेंटेशन बहुत कम है. शिशु लोन के लिए बैंकों की ओर से आमतौर पर कोई प्रोसेसिंग फीस नहीं ली जाती है.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
लोन हासिल करने के लिए आपको अपने नजदीकी सरकारी या प्राइवेट बैंक, रीजनल रूरल बैंक या स्मॉल फाइनेंस बैंक में आवेदन करना होगा. आवेदन के समय नीचे दिए गए दस्तावेजों की जरूरत होगी.
- पहचान पत्र: आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी.
- निवास प्रमाण: बिजली का बिल या राशन कार्ड.
- बिजनेस प्रूफ: आप जो काम शुरू करना चाहते हैं उसका संक्षिप्त विवरण या कोटेशन.
- पासपोर्ट साइज फोटो.
ब्याज दर और चुकाने की अवधि
मुद्रा लोन की ब्याज दरें अलग-अलग बैंकों में अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन यह सामान्यतः 9% से 12% के बीच रहती हैं. इस लोन को चुकाने के लिए आपको 5 साल तक का समय मिल सकता है, जिससे नए उद्यमी पर मासिक किस्तों (EMI) का बोझ ज्यादा नहीं पड़ता.
डिजिटल इंडिया का लाभ: ‘e-Mudra’
अब कई बैंक e-Mudra की सुविधा भी दे रहे हैं, जहां आप घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आधार से लिंक मोबाइल नंबर के जरिए ई-केवाईसी (e-KYC) की प्रक्रिया पूरी होते ही लोन की राशि सीधे आपके अकाउं में क्रेडिट कर दी जाती है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.