यूआईडीएआई ने देशभर के 83,000 स्कूलों में पढ़ने वाले 1 करोड़ से ज्यादा बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरा कर लिया है. यह अभियान सितंबर 2025 में शुरू हुआ था ताकि बच्चों को सरकारी योजनाओं और बड़ी परीक्षाओं में आधार से जुड़ी परेशानी न हो. सरकार का कहना है कि यह मिशन तब तक जारी रहेगा जब तक सभी स्कूलों को कवर नहीं कर लिया जाता.
यूआईडीएआई ने यह विशेष अभियान सितंबर 2025 में शुरू किया था. इस अभियान को यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस यानी यूडीआईएसई प्लस (UDISE Plus) ऐप से जोड़ा गया. इससे स्कूलों को यह पता चल सका कि किन बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट बाकी है. इसके बाद स्कूलों में विशेष कैंप लगाए गए और बच्चों का अपडेट पूरा किया गया.
5 और 15 साल की उम्र पर अपडेट क्यों जरूरी
यूआईडीएआई के नियमों के मुताबिक 5 साल से कम उम्र के बच्चों का आधार बनाते समय केवल फोटो, नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता और जन्म प्रमाण पत्र लिया जाता है. इस उम्र में बच्चों के फिंगरप्रिंट और आंखों की पुतली पूरी तरह विकसित नहीं होती, इसलिए इन्हें रिकॉर्ड नहीं किया जाता. जब बच्चा 5 साल और 15 साल की उम्र पार करता है, तब आधार में फिंगरप्रिंट और आइरिस अपडेट कराना जरूरी होता है. अगर ऐसा नहीं किया गया, तो सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और एनईईटी (NEET), जेईई (JEE), सीयूईटी (CUET) जैसी परीाओं में रजिस्ट्रेशन के दौरान परेशानी हो सकती है.
बच्चों के लिए मुफ्त किया गया अपडेट
बच्चों को बायोमेट्रिक अपडेट के लिए प्रेरित करने के लिए यूआईडीएआई ने 7 से 15 साल के बच्चों के लिए 1 अक्टूबर 2025 से एक साल तक शुल्क माफ कर दिया था. इसके अलावा 5 से 7 साल और 15 से 17 साल के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट पहले से ही मुफ्त है. स्कूलों के अलावा बच्चे देशभर के आधार नामांकन केंद्रों और आधार सेवा केंद्रों पर जाकर भी अपना अपडेट करा सकते हैं. इस दौरान करीब 1.3 करोड़ बायोमेट्रिक अपडेट ऐसे केंद्रों पर भी पूरे किए गए.
सरकार और राज्यों ने मिलकर चलाया अभियान
यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार (Bhuvnesh Kumar) ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर इस अभियान के लिए सहयोग मांगा था. देशभर में यूआईडीएआई के 8 क्षेत्रीय कार्यालयों ने शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन के साथ मिलकर यह अभियान पूरा किया. यूआईडीएआई का कहना है कि यह मिशन मोड अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक देश के सभी स्कूलों को कवर नहीं कर लिया जाता.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.