Job in America : अमेरिका ने पिछले कुछ दिनों में कई देशों की धरती पर जाकर युद्ध जीता, लेकिन अपने देश की धरती पर युद्ध हार रहे हैं. फरवरी के आंकड़ों में साफ दिख रहा है कि अमेरिका में नौकरियां लगातार कम हो ती जा रही हैं. पिछले महीने कई सेक्टर्स में नौकरियां कम हुईं और कंपनियों ने भी कम भर्तियां की हैं.
अमेरिका में बेरोजगारी की दर फरवरी में 4.4 फीसदी पहुंच गई है.
श्रम विभाग ने बताया है कि जनवरी में कंपनियों, गैर-लाभकारी संस्थाओं और सरकारी एजेंसियों ने 1,26,000 नौकरियां जोड़ी थीं, लेकिन फरवरी में यह आंकड़ा गिर गया. अर्थशास्त्रियों को उम्मीद थी कि फरवरी में 60,000 नई नौकरियां जुड़ेंगी. दिसंबर और जनवरी की पेरोल में भी संशोधन के बाद 69,000 नौकरियां कम कर दी गईं. फरवरी में रोजगार की कमजोर स्थिति ने ईरान के साथ युद्ध के कारण बढ़ती आर्थिक अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है, जिससे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं और व्यापार व उपभोक्ताओं पर अनचाहे खर्चे आ गए हैं.
रोजगार के मोर्चे पर संघर्ष कर रहा अमेरिका
नेवी फेडरल क्रेडिट यूनियन की मुख्य अर्थशास्त्री हीदर लॉन्ग का कहना है कि नौकरी बाजार कई चुनौतियों के बीच संघर्ष कर रहा है. कंपनियां फिलहाल युद्ध खत्म होने तक और उपभोक्ताओं के खर्च करने की पुष्टि होने तक नई भर्ती करने में और भी ज्यादा हिचकिचाएंगी. यह अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए तनावपूर्ण समय है. वैसे उम्मीद थी कि नौकरी बाजार इस साल 2025 की कमजोर स्थिति से उबर जाएगा. साल 2025 में नियोक्ताओं ने औसतन सिर्फ 15,000 नौकरियां प्रति माह जोड़ी थीं.
किस सेक्टर में ज्यादा घटी नौकरियां
फिच रेटिंग्स के अमेरिकी अर्थशास्त्री प्रमुख ओलू सोनोला ने कहा है कि जब लग रहा था कि श्रम बाजार स्थिर हो रहा है, तब यह रिपोर्ट उस सोच को झटका देती है. नौकरी में कटौती कई क्षेत्रों में देखी गई. निर्माण कंपनियों ने पिछले महीने 11,000 नौकरियां कम कीं. स्वास्थ्य सेवा कंपनियों ने 28,000 नौकरियां घटाईं, जिसमें कैलिफोर्निया और हवाई में काइजर परमानेंटे के 30,000 से ज्यादा नर्सों और अन्य फ्रंटलाइन कर्मचारियों की चार हफ्ते की हड़ताल का असर भी दिखा है. इसके अलावा फैक्ट्रियों ने 12,000 नौकरियां कम कीं और पिछले 15 में से 14 महीनों में यहां जॉब्स में गिरावट दिखी है. इसके अलावा रेस्टोरेंट और बार ने करीब 30,000 नौकरियां कम कीं. प्रशासनिक और सपोर्ट सर्विस कंपनियों ने लगभग 19,000 नौकरियां घटाईं और कूरियर व मैसेंजर सेवाओं में भी लगभग 17,000 नौकरियां कम हुईं.
ईरान युद्ध से आगे भी संशय
एक्सपर्ट का कहना है कि अमेरिका का नौकरी बाजार और पूरी अर्थव्यवस्था का भविष्य ईरान के साथ युद्ध के कारण अनिश्चित है. कम भर्ती और युद्ध से बढ़ती महंगाई की वजह से फेडरल रिजर्व के लिए मुश्किल स्थिति बन गई है, जिसे तय करना है कि नौकरी बाजार को सहारा देने के लिए ब्याज दरें घटाई जाएं या महंगाई को काबू में रखने के लिए इंतजार किया जाए. पिछले साल नियोक्ता ट्रंप की टैरिफ नीतियों की अनिश्चितता और उनके लागू करने के अप्रत्याशित तरीके के कारण भर्ती करने में हिचकिचा रहे थे.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.