बैंक के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि उधार लेने वाला आदमी लोन चुका सके. लेकिन आपके लिए सबसे जरूरी सवाल यह होना चाहिए कि क्या दो होम लोन के बाद भी आपके बजट में पर्याप्त आर्थिक गुंजाइश बचती है या नहीं.
क्या एक साथ दो होम लोन ले सकते हैं?
बैंक सबसे पहले क्या देखते हैं
जब आप दूसरा होम लोन लेने के लिए आवेदन करते हैं, तो बैंक सबसे पहले यह देखते हैं कि आपकी इनकम दोनों लोन की ईएमआई को संभाल सकती है या नहीं. बैंक आमतौर पर यह नियम अपनाते हैं कि आपकी कुल ईएमआई और बाकी कर्ज मिलाकर आपकी मंथली इनकम के 40-50% से ज्यादा नहीं होने चाहिए. अगर आपकी इनकम पहले लोन लेने के बाद बढ़ गई है और आप आसानी से दोनों ईएमआई भर सकते हैं, तो दूसरा लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है.
क्रेडिट स्कोर भी होता है अहम
दूसरा होम लोन लेने में क्रेडिट हिस्ट्री भी बड़ी भूमिका निभाती है. अगर आपने पहले होम लोन की ईएमआई समय पर चुकाई है और आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा है, तो बैंक आपको दूसरा लोन देने में ज्यादा सहज होते हैं.
लोग दूसरा होम लोन क्यों लेते हैं
दूसरा होम लोन लेना आजकल काफी आम हो गया है. इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।
- कई लोग छोटे घर से बड़े घर में अपग्रेड करना चाहते हैं.
- कुछ लोग निवेश के लिए दूसरी प्रॉपर्टी खरीदते हैं.
- कई बार लोग रेंट से एडिशनल इनकम के लिए दूसरा फ्लैट लेते हैं.
- कुछ परिवार माता-पिता या बच्चों के लिए अलग घर खरीदते हैं.
दो होम लोन पर टैक्स के नियम
दो होम लोन होने पर टैक्स के नियम थोड़ा जटिल हो सकते हैं. इनकम टैक्स नियमों के अनुसार, जिस घर में आप रहते हैं उस पर दिए गए ब्याज पर धारा 24 के तहत साल में 2 लाख रुपये तक की टैक्स छूट मिल सकती है. अगर दोनों घर सेल्फ ऑक्यूपाइड हैं, तब भी यह कुल सीमा 2 लाख रुपये ही रहती है. वहीं, अगर दूसरा घर रेंट पर दिया गया है तो टैक्स कैलकुलेशन अलग तरीके से किया जाता है. इसके अलावा, होम लोन के प्रिंसिपल भुगतान पर धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की छूट मिल सकती है.
दूसरा लोन लेने से पहले ये सोचें
हालांकि बैंक 2 होम लोन की अनुमति देते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर किसी के लिए यह आसान होगा. दो लॉन्ग टर्म के लोन की ईएमआई आपके मंथली बजट पर दबाव डाल सकती है. अगर भविष्य में ब्याज दर बढ़ जाए, आय कम हो जाए या अचानक खर्च बढ़ जाए, तो ईएमआई चुकाना मुश्किल हो सकता है. इसलिए एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि दूसरा लोन लेने से पहले यह जरूर देखें कि आपका बजट मुश्किल समय में भी दोनों ईएमआई संभाल सकता है या नहीं.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.