क्रेडिट कार्ड आज हमारी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाता है, लेकिन अगर अचानक कार्डधारक की मौत हो जाए, तो उसका बकाया बिल परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है. ऐसे हालात में बैंक और कार्ड कंपनियां एक खास सुविधा देती हैं, जिसे क्रेडिट कार्ड आउटस्टैंडिंग कवर या क्रेडिट कार्ड लाइफ इंश्योरेंस कहा जाता है.
इस इंश्योरेंस का नाम- क्रेडिट कार्ड आउटस्टैंडिंग कवर या क्रेडिट कार्ड लाइफ इंश्योरेंस है. यह इंश्योरेंस कार्डधारक की मौत के बाद उसके क्रेडिट कार्ड का बकाया चुकाने में मदद करता है, ताकि परिवार पर कर्ज का बोझ न पड़े.
क्या है क्रेडिट कार्ड लाइफ इंश्योरेंस?
क्रेडिट कार्ड लाइफ इंश्योरेंस एक तरह का क्रेडिट प्रोटेक्शन कवर है. अगर पॉलिसीधारक की मौत हो जाती है, तो इंश्योरेंस कंपनी सीधे बैंक को क्रेडिट कार्ड का बकाया भुगतान कर देती है. आमतौर पर इसका कवर अमाउंट या तो कार्ड की लिमिट के बराबर होता है या फिर मौत के समय जितना बकाया होता है, उतना.
यह कैसे काम करता है?
कार्ड के साथ यह कवर ऐड-ऑन के तौर पर लिया जा सकता है. इसके लिए सालाना प्रीमियम देना होता है. पॉलिसी एक्टिव होने के दौरान कार्डधारक की मौत होने पर इंश्योरेंस कंपनी सीधे बैंक को बकाया रकम चुका देती है. अच्छी बात यह है कि इसमें आमतौर पर ज्यादा मेडिकल जांच की जरूरत नहीं होती, इसलिए यह कई लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध है.
बैंक क्या-क्या कवर दे रहे हैं?
Axis Bank:
- 1 लाख रुपये कवर के लिए 560 रुपये सालाना
- 2 लाख रुपये कवर के लिए 1,120 रुपये सालाना
- यह कवर Axis–Max Life Group Saral Suraksha Plan के तहत आता है
HDFC Bank Infinia Card:
- 9 लाख रुपये तक का क्रेडिट कार्ड ड्यूज इंश्योरेंस
- यह कवर कार्ड की सालाना फीस (12,500 रुपये प्लस जीएसटी) में शामिल है
इसके क्या फायदे हैं?
परिवार को कर्ज के तनाव से बचाता है. शोक के समय रिकवरी कॉल या कानूनी नोटिस का डर नहीं रहता. मौत के बाद कवर की गई रकम चुकते ही आगे का ब्याज और लेट फीस रुक जाती है.
कम खर्च में सुरक्षा
टर्म इंश्योरेंस के मुकाबले इसका प्रीमियम कम होता है.
लेकिन पूरी सुरक्षा का विकल्प नहीं
एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रेडिट कार्ड लाइफ इंश्योरेंस को पूरा जीवन बीमा नहीं, बल्कि एक अतिरिक्त सुरक्षा मानना चाहिए. बेहतर होगा कि लोग इसे एक अच्छे टर्म लाइफ इंश्योरेंस और जिम्मेदार क्रेडिट मैनेजमेंट के साथ जोड़कर देखें, ताकि परिवार को सही मायनों में आर्थिक सुरक्षा मिल सके.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.