Gold Loan: इमरजेंसी में गोल्ड लोन जल्दी पैसा दिलाने का आसान जरिया जरूर है, लेकिन यह हर स्थिति में सही ऑप्शन नहीं होता. लोन की रकम, ब्याज, भुगतान का तरीका और सोना नीलाम होने का रिस्क समझना जरूरी है. सही जरूरत और ठोस प्लानिंग के साथ ही गोल्ड लोन को अस्थायी सहारे के रूप में इस्तेमाल करना समझदारी है.
गोल्ड लोन कैसे मिलता है?
लोन देने वाला पहले आपके गहनों की प्योरिटी और वजन जांचता है. इसके बाद सोने के मौजूदा बाजार भाव के आधार पर लोन तय होता है. RBI के नियमों के अनुसार, सोने की कीमत का अधिकतम 75% तक लोन मिल सकता है. मतलब अगर आपके गहनों की कीमत 4 लाख रुपये है, तो आपको करीब 3 लाख रुपये तक लोन मिल सकता है.
ब्याज और भुगतान का तरीका
गोल्ड लोन पर ब्याज आमतौर पर 8% से 15% के बीच होता है. कुछ स्कीम में EMI के जरिए हर महीने ब्याज और मूलधन चुकाया जाता है. वहीं कुछ मामलों में सिर्फ ब्याज देना होता है और पूरी रकम लोन की अवधि खत्म होने पर एक साथ चुकानी पड़ती है. दूसरा विकल्प हर महीने हल्का लगता है, लेकिन आखिर में एक बड़ी रकम चुकाने की जिम्मेदारी होती है.
कब सही है गोल्ड लोन?
अगर आपका क्रेडिट स्कोर कमजोर है और पर्सनल लोन महंगा मिल रहा है, तो गोल्ड लोन सस्ता पड़ सकता है क्योंकि यह सिक्योर्ड लोन है. साथ ही अगर पैसों की जरूरत थोड़े समय के लिए है, तो यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
जोखिम भी समझिए
अगर आप समय पर लोन नहीं चुका पाए, तो लेंडर को कानूनी रूप से आपका गिरवी रखा सोना नीलाम करने का हक है. नियमों के तहत नोटिस जरूर दिया जाता है, लेकिन प्रक्रिया शुरू होने के बाद ज्यादा गुंजाइश नहीं रहती. कई परिवारों के लिए गहनों की भावनात्मक कीमत पैसों से कहीं ज्यादा होती है. सिर्फ ब्याज दर देखकर फैसला न करें. प्रोसेसिंग फीस, वैल्यूएशन चार्ज, रिन्यूअल फीस और लेट पेमेंट पेनल्टी जैसी लागत भी जोड़कर देखें. लोन लेने से पहले पूरा रीपेमेंट शेड्यूल जरूर समझें. एक और जरूरी बात कि अगर लोन अवधि के दौरान सोने की कीमत गिरती है, तो लेंडर आपसे पार्शियल पेमेंट या अतिरिक्त सोना गिरवी रखने को कह सकता है.
सही प्लानिंग के साथ उपयोगी फाइनेंशियल टूल
गोल्ड लोन बुरा नहीं है. सही जरूरत और सही प्लानिंग के साथ यह एक उपयोगी फाइनेंशियल टूल बन सकता है. लेकिन इसे लाइफस्टाइल खर्च या बिना सोचे-समझे लेने की आदत न बनाएं. गोल्ड लोन को एक अस्थायी सहारा मानिए, स्थायी समाधान नहीं.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.