आयकर में बड़ी बचत का मौका
होम लोन का सबसे बड़ा फायदा इनकम टैक्स में मिलने वाली छूट है. अगर आप होम लोन लेकर घर खरीदते हैं, तो हर साल लाखों रुपये का टैक्स बचा सकते हैं. मौजूदा नियमों के अनुसार, होम लोन के ब्याज पर सेक्शन 24(b) के तहत सालाना 2 लाख रुपये तक की टैक्स छूट मिलती है. वहीं, मूलधन की अदायगी पर सेक्शन 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की छूट मिलती है. अगर होम लोन जॉइंट लिया गया है, तो दोनों आवेदक अलग-अलग टैक्स बेनिफिट ले सकते हैं, जिससे कुल बचत और भी बढ़ जाती है.
प्रॉपर्टी के विवाद से मिलती है सुरक्षा
होम लोन लेते समय बैंक या वित्तीय संस्थान प्रॉपर्टी के सभी दस्तावेजों की गहन जांच करते हैं. टाइटल क्लियर है या नहीं, जमीन या फ्लैट पर कोई कानूनी विवाद तो नहीं- इन सभी बातों की लीगल वेरिफिकेशन की जाती है. इससे घर खरीदने वाले को यह भरोसा मिल जाता है कि वह जिस प्रॉपर्टी में निवेश कर रहा है, वह सुरक्षित और विवाद-मुक्त है. यह जांच अकेले खरीदार के लिए कर पाना अक्सर मुश्किल होता है.
बचत खर्च होने से बचती है
कई लोग सोचते हैं कि अगर उनके पास पैसा है तो उन्हें होम लोन नहीं लेना चाहिए. लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि होम लोन की ब्याज दरें पर्सनल लोन या अन्य कर्ज के मुकाबले काफी कम होती हैं. हाल के समय में RBI द्वारा ब्याज दरों में कटौती के बाद होम लोन और भी सस्ते हुए हैं. ऐसे में अपनी पूरी जमा पूंजी घर में लगाने की बजाय होम लोन लेकर बचत को निवेश या रिटायरमेंट प्लानिंग में लगाना ज्यादा समझदारी भरा फैसला हो सकता है.
टॉप-अप लोन का अतिरिक्त फायदा
होम लोन के साथ टॉप-अप लोन की सुविधा भी मिलती है, जिसे कम ब्याज दर पर लिया जा सकता है. टॉप-अप लोन का इस्तेमाल घर के इंटीरियर, मरम्मत या रिनोवेशन के लिए किया जा सकता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका कार्यकाल होम लोन की अवधि से जुड़ा होता है, यानी आपको इसे चुकाने के लिए लंबा समय मिल जाता है. इसमें छुपे चार्ज भी कम होते हैं, जिससे यह एक किफायती विकल्प बन जाता है.
क्रेडिट स्कोर मजबूत करने में मदद
समय पर EMI चुकाने से होम लोन आपके क्रेडिट स्कोर को बेहतर बनाता है. अच्छा क्रेडिट स्कोर भविष्य में सस्ते ब्याज पर लोन लेने में मदद करता है. अगर होम लोन में महिला सह-आवेदक होती है, तो कई बैंक ब्याज दर में थोड़ी अतिरिक्त छूट भी देते हैं. इसके अलावा, होम लोन में प्रीपेमेंट और फोरक्लोजर की सुविधा होती है, जिससे आप चाहें तो समय से पहले कर्ज खत्म कर सकते हैं. यह भी आपकी वित्तीय स्थिति को मजबूत दर्शाता है.
अमीर लोग भी क्यों लेते हैं होम लोन
कई हाई नेटवर्थ व्यक्ति जानबूझकर होम लोन लेते हैं क्योंकि वे अपनी पूंजी को बेहतर रिटर्न देने वाले निवेशों में लगाते हैं. वे होम लोन के टैक्स बेनिफिट, सस्ते ब्याज और लंबी अवधि का फायदा उठाकर अपनी कुल संपत्ति बढ़ाते हैं. सही योजना और समझदारी के साथ लिया गया होम लोन बोझ नहीं बल्कि आर्थिक मजबूती का जरिया बन सकता है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.