फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स सेक्टर के शेयरों में मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली और जोमैटो और स्विगी के शेयर कई हफ्तों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए. इस तेजी के पीछे एआई आधारित नई टेक्नोलॉजी, घरेलू म्यूचुअल फंड्स की भारी खरीदारी और बड़े ब्लॉक डील्स को प्रमुख कारण माना जा रहा है.
इटरनल यानी जोमैटो के शेयर 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ 308.55 रुपये तक पहुंच गए, जो 21 नवंबर 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है. वहीं, स्विगी के शेयर 6 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 359 रुपये तक पहुंच गए, जो करीब एक महीने का हाई माना जा रहा है.
क्या है तेजी के पीछे की वजह
तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण जोमैटो की नई एआई आधारित टेक्नोलॉजी को माना जा रहा है. कंपनी ने डिलीवरी पार्टनर्स के लिए एआई पावर्ड हॉटलाइन नंबर लॉन्च किया है, जिसके जरिए व्हाट्सएप पर ऑनबोर्डिंग और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन कुछ ही मिनटों में पूरा हो सकता है. इससे नए डिलीवरी पार्टनर्स तेजी से जुड़ेंगे और कंपनी की ऑपरेशनल एफिशिएंसी और प्रॉफिट मार्जिन बेहतर हो सकता है. इससे पहले भी जोमैटो ने नगेट नाम का एआई कस्टमर सपोर्ट प्लेटफॉर्म लॉन्च किया था, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
घरेलू म्यूचुल फंड्स की खरीदारी
घरेलू म्यूचुअल फंड्स की भारी खरीदारी भी इन शेयरों में तेजी की बड़ी वजह बनी. रिपोर्ट के मुताबिक 2025 के अंत तक घरेलू म्यूचुअल फंड्स ने नई टेक कंपनियों में करीब 1.77 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुना है. इटरनल और स्विगी इनमें प्रमुख कंपनियां हैं. इटरनल में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी 40 फीसदी से ज्यादा बताई जा रही है.
ब्लॉक डील
इसके अलावा बड़े ब्लॉक डील्स ने भी शेयरों में जोश बढ़ाया. इटरनल के करीब 1.19 करोड़ शेयर ब्लॉक डील्स में ट्रेड हुए, जिनकी वैल्यू 344 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई. वहीं स्विगी के करीब 21.60 लाख शेयर ब्लॉक डील्स में ट्रेड हुए, जिनकी वैल्यू करीब 72 करोड़ रुपये रही. इससे यह संकेत मिला कि बड़े इंस्टीट्यूशनल निवेशक इन शेयरों में खरीदारी कर रहे हैं.
मजबूत होता भरोसा
कुल मिलाकर फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स सेक्टर में निवेशकों का भरोसा मजबूत होता दिख रहा है. टेक इनोवेशन, घरेलू फंड्स की मजबूत भागीदारी और बड़े निवेशकों की खरीदारी ने इन शेयरों को सपोर्ट दिया है, जिससे मंगलवार को दोनों स्टॉक्स में 5 से 6 फीसदी की तेज उछाल देखने को मिली.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.