लंबे समय के निवेश में अक्सर सवाल उठता है कि हर महीने SIP करना बेहतर है या एक बार में लंपसम निवेश करना. 20 साल के निवेश को देखें तो दोनों तरीकों के नतीजों में बड़ा अंतर दिखाई देता है. अगर हर महीने 10,000 रुपये की SIP 20 साल तक की जाए तो कुल निवेश 24 लाख रुपये होगा और इसकी वैल्यू करीब 99.9 लाख रुपये तक पहुंच सकती है. वहीं 24 लाख रुपये का लंपसम निवेश 20 साल में करीब 2.31 करोड़ रुपये बन सकता है.
हर महीने किसी फंड में पैसा डालने को एसआईपी यानी सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान कहा जाता है. इसे आप 500 रुपये प्रति माह से शुरू कर सकते हैं. आप जो भी रकम जमा करते हैं वह जैसे-जैसे बढ़ती है उस पर रिटर्न भी उसी हिसाब से बढ़ता चला जाता है. इसका मतलब यह कि अगर 500 पर 10 परसेंट रिटर्न के साथ रकम बढ़कर 550 रुपये हो गई तो अगला रिटर्न 550 रुपये पर मिलेगा. इसे कंपाउंडिंग कहा जाता है. दूसरा तरीका है कि आप एक ही बार पैसा जमा कर दें. इसे लंपसम कहा जाता है.
कहां मिलेगा ज्यादा फायदा?
मान लीजिए कोई निवेशक 20 साल तक हर महीने 10,000 रुपये निवेश करता है. इस तरह कुल मिलाकर उसकी जमा राशि 24 लाख रुपये हो जाएगी. अगर इस निवेश पर औसतन 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिलता है, तो 20 साल बाद इसकी कुल वैल्यू करीब 99.9 लाख रुपये तक पहुंच सकती है. इसमें करीब 75.9 लाख रुपये मुनाफा होगा.
इसके मुकाबले अगर कोई व्यक्ति 24 लाख रुपये एक ही बार में लंपसम के तौर पर निवेश करता है और उसे भी औसतन 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिलता है, तो 20 साल बाद उसकी कुल रकम करीब 2.31 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. यानी लंपसम निवेश का फायदा SIP के मुकाबले काफी ज्यादा दिखाई देता है.
लंपसम में ज्यादा फायदा क्यों मिलता है
लंपसम निवेश का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि पूरा पैसा पहले दिन से ही काम करना शुरू कर देता है. इसका मतलब है कि पूरे 24 लाख रुपये पूरे 20 साल तक कंपाउंड होते रहते हैं और हर साल मिलने वाला रिटर्न भी आगे रिटर्न कमाता रहता है. दूसरी तरफ SIP में पैसा धीरे धीरे निवेश होता है. पहले महीने केवल 10,000 रुपये निवेश होते हैं और हर महीने रकम बढ़ती जाती है. इस वजह से आखिरी महीनों में निवेश किया गया पैसा कंपाउंड होने के लिए बहुत कम समय पाता है. यही कारण है कि लंबे समय में लंपसम का असर ज्यादा दिखाई देता है.
अगर लंपसम आधा हो तब भी
दिलचस्प बात यह है कि अगर लंपसम निवेश को आधा कर दिया जाए और सिर्फ 12 लाख रुपये एक बार में लगाए जाएं, तब भी इसका असर काफी मजबूत रहता है. अगर 12 लाख रुपये एक बार में निवेश किए जाएं और दूसरी तरफ 20 साल तक हर महीने 10,000 रुपये की SIP चलती रहे, तो SIP में कुल निवेश 24 लाख रुपये होगा. 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न मानें तो 20 साल बाद SIP की वैल्यू करीब 99.9 लाख रुपये हो सकती है. वहीं 12 लाख रुपये का लंपसम निवेश करीब 1.15 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. यानी यहां भी आधी रकम लगाकर लंपसम निवेश SIP से करीब 15 से 16 लाख रुपये ज्यादा दे सकता है.
असल जिंदगी में क्या ध्यान रखना चाहिए
हालांकि कागज पर लंपसम निवेश ज्यादा मजबूत दिखता है, लेकिन असल जिंदगी में कुछ जोखिम भी होते हैं. अगर निवेश उस समय किया जाए जब बाजार अपने ऊंचे स्तर पर हो और बाद में बाजार गिर जाए, तो निवेश को संभलने में समय लग सकता है. दूसरी तरफ SIP का फायदा यह है कि यह बाजार के उतार चढ़ाव को औसत कर देता है. जब बाजार गिरता है तो उसी रकम में ज्यादा यूनिट मिलती हैं और लंबे समय में इसका फायदा मिल सकता है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.