1. तुरंत कार्ड ब्लॉक करें
जैसे ही शक हो कि कार्ड चोरी हो गया है या गुम हो गया है, उसे तुरंत ब्लॉक कर दें. ज्यादातर बैंक यह सुविधा देते हैं कि आप मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, कस्टमर केयर नंबर या SMS के जरिए कार्ड ब्लॉक कर सकते हैं. कुछ बैंक टेम्पररी लॉक का ऑप्शन भी देते हैं, लेकिन अगर आपको पूरा यकीन है कि कार्ड चोरी हो गया है तो सीधे ब्लॉक करना ही बेहतर है.
2. हाल की ट्रांजैक्शन चेक करें
कार्ड ब्लॉक करने के बाद तुरंत अपने बैंक ऐप या नेट बैंकिंग में जाकर हाल की ट्रांजैक्शन देखें. अगर कोई ऐसी खरीदारी दिखे जिसे आपने नहीं किया है तो उसे नोट कर लें. फ्रॉड करने वाले अक्सर पहले छोटी रकम से कार्ड टेस्ट करते हैं और बाद में बड़ी ट्रांजैक्शन करते हैं.
3. बैंक को चोरी की जानकारी दें
सिर्फ कार्ड ब्लॉक करना काफी नहीं है. बैंक को आधिकारिक रूप से बताना भी जरूरी है कि कार्ड चोरी हो गया है. बैंक को कॉल करके या शिकायत दर्ज कराकर इसकी जानकारी दें और कम्प्लेंट नंबर या सर्विस रिक्वेस्ट नंबर जरूर लें. इससे बाद में विवाद होने पर आपके पास रिकॉर्ड रहेगा.
4. अनऑथराइज्ड ट्रांजैक्शन पर शिकायत दर्ज करें
अगर कार्ड से पहले ही कोई गलत ट्रांजैक्शन हो चुकी है, तो बैंक में तुरंत शिकायत दर्ज करें. ज्यादातर बैंक ऑनलाइन या ई-मेल के जरिए डिस्प्यूट फॉर्म भरने की सुविधा देते हैं. इसे जल्दी भरना जरूरी है, क्योंकि कार्ड ब्लॉक करने से सिर्फ आगे की ट्रांजैक्शन रुकती हैं, पुरानी अपने-आप रिवर्स नहीं होतीं.
5. जिन ऐप्स में कार्ड सेव है, वहां अपडेट करें
कई लोग अपने कार्ड को शॉपिंग ऐप, फूड डिलीवरी, कैब सर्विस या OTT सब्सक्रिप्शन में सेव करके रखते हैं. कार्ड ब्लॉक होने के बाद इन प्लेटफॉर्म पर जाकर पेमेंट मेथड अपडेट कर दें, ताकि जरूरी भुगतान फेल न हो.
6. जरूरत पड़े तो पुलिस शिकायत करें
अगर कार्ड वॉलेट के साथ चोरी हुआ है या उस पर फ्रॉड ट्रांजैक्शन हो चुकी है, तो पुलिस में शिकायत करना बेहतर होता है. इससे चोरी का आधिकारिक रिकॉर्ड बन जाता है और कई बार बैंक भी जांच के दौरान यह दस्तावेज मांग सकते हैं.
7. नया कार्ड मंगवाएं
स्थिति संभालने के बाद बैंक से रिप्लेसमेंट कार्ड जारी करने के लिए कहें. आमतौर पर बैंक कुछ ही दिनों में नया कार्ड भेज देते हैं. कार्ड मिलने पर उसे एक्टिवेट करें और नया PIN सेट करें.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.