प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो हावड़ा से कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच चलेगी. इस प्रीमियम ट्रेन की कैटरिंग का ठेका असम की हॉस्पिटैलिटी सर्विस कंपनी मेफेयर स्प्रिंग वैली रिसॉर्ट को मिला है,
गुवाहाटी बेस्ड मेफेयर स्प्रिंग वैली रिसॉर्ट ने शनिवार को बताया कि उसने इस ट्रेन के आधिकारिक कैटरर के रूप में इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) के साथ पार्टनरशिप की है. एक बयान के अनुसार इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को पश्चिम बंगाल और असम के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे, जिन्हें लोकल लेवल पर हासिल चीजों से तैयार किया जाएगा.
खाने में पैसेंजर को मिलेगी ये चीजें
मेन्यू में बसंती पुलाव, छोलार और मूंग दाल, छनार (पनीर) और ढोकार दालना, असमिया जोहा चावल, मती मोहोर और मसूर दाल, मौसमी सब्जियों की भाजी और संदेश, नारियल बर्फी व रसगुल्ला जैसी क्षेत्रीय मिठाइयां शामिल हैं. रिसॉर्ट ने बताया कि मेन्यू को रात भर की यात्रा के अनुसार तैयार किया गया है. इसमें कम मसालों वाले शाकाहारी भोजन, मौसमी प्रोडक्ट्स और खाना पकाने के पारंपरिक तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया गया है.
मेफेयर स्प्रिंग वैली रिसॉर्ट के एमडी रतन शर्मा ने कहा, ”हर व्यंजन को आज के दौर की खान-पान की पसंद को ध्यान में रखते हुए बंगाल और असम के असली स्वाद को दर्शाने के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है. इसका मकसद भोजन के जरिए यात्रियों को वहां की संस्कृति से जोड़ना और एक यादगार अनुभव प्रदान करना है.”
हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 एसी कोच
हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लगभग 1,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. इसमें फर्स्ट एसी, सेकंड एसी और थर्ड एसी सहित कुल 16 एसी कोच होंगे, जिनमें लगभग 823 यात्रियों के बैठने/सोने की क्षमता है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.