Adani Group Stock Fall : हिंडनबर्ग का भूत अभी पूरी तरह से सोया भी नहीं था कि अडानी समूह के पास अमेरिका से एक और बुरी खबर आ गई. इस खबर के सार्वजनिक होने के बाद शुक्रवार को अडानी समूह के शेयरों में बड़ी गिरावट दिखी और बाजार पूंजीकरण भी 1.1 लाख करोड़ रुपये गिर गया.
बात ये है कि अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ने यूएस कोर्ट से इस बात की इजाजत मांगी है कि वह अरबपति गौतम अडानी और ग्रुप एग्जीक्यूटिव सागर अडानी को फ्रॉड और 26.5 करोड़ डॉलर की रिश्वतखोरी केस में व्यक्तिगत रूप से समन भेज सके. न्यूज एजेंसी रॉयटर ने एक दिन पहले ही बताया था कि यूएस सिक्योरिटी एक्सेंज अडानी समूह के फाउंडर गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर को समन भेजने की कोशिश कर रहा है.
अडानी समूह ने आरोपों से किया इनकार
अडानी समूह ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है और इसे निराधार बताया. भारतीय उद्योग समूह ने कहा है कि वह इन आरोपों के खिलाफ सभी संभावित कानूनी रास्ता अपनाएगा. यूएस एक्सचेंज ने बताया कि इससे पहले भारत सरकार ने उसकी समन जारी करने की दो अपीलों को ठुकरा दिया है. अब वह सरकार को बाईपास करके सीधे अडानी समूह को समन जारी करने की कोशिश कर रहा है. अमेरिकी शेयर बाजार नियामक ने न्यूयॉर्क कोर्ट में कहा है कि मौजूदा रूट से अडानी समूह को समन जारी करना संभव नहीं है, लिहाजा सीधे समन भेजने की अनुमति दी जाए.
अडानी की कंपनियों में बड़ी गिरावट
अमेरिका की इस रिपोर्ट के सार्वजनिक होने के बाद शुक्रवार को अडानी समूह की सबसे बड़ी कंपनी अडानी इंटरप्राइजेज के शेयरों में 9 फीसदी की गिरावट दिखी और भाव 1,901 रुपये पर आ गए. यह 19 मई, 2023 के बाद स्टॉक का सबसे निचला प्राइस है. अडानी ग्रीन एनर्जी का स्टॉक भी 8 फीसदी गिरकर 826.6 पर पहुंच गया. अडानी पोर्ट के स्टॉक में 4 फीसदी गिरावट आई और 1,353 रुपये का भाव पहुंच गया. सबसे बड़ी गिरावट अडानी ग्रीन स्टॉक में दिखी जो आज 11 फीसदी नीचे आ गया. अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर 10 फीसदी गिरकर 832 पर आ गए. अडानी टोटल और अडानी पॉवर के शेयरों में भी 6 फीसदी की गिरावट दिख रही है. इसके अलावा एसीसी सीमेंट में 2.5 फीसदी, अंबुजा में 5.5 फीसदी और सांघी इंडस्ट्रीज के स्टॉक में 5 फीसदी की गिरावट आई है.
1.1 लाख करोड़ का नुकसान
अडानी समूह में बिकवाली का आलम आज ये रहा कि ग्रुप के बाजार पूंजीकरण में 1.1 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दिखी और अब कुल बाजार पूंजीकरण 12.45 लाख करोड़ रह गया है. इससे पहले जून में गौतम अडानी ने कहा था कि इन सभी शोर के बीच अडानी समूह के एक भी व्यक्ति के खिलाफ विदेशी भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कोई आरोप नहीं लगे हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.