Success Story: बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर आईआईटी और फिर Shark Tank India तक का सफर तय करने वाले आदित्य आनंद आज देश के उभरते टेक एंटरप्रेन्योर में गिने जा रहे हैं. Shark Tank India Season 5 में उनकी कंपनी Multibagg AI ने सभी शार्क्स का ध्यान खींचा.
आदित्य की पढ़ाई की शुरुआत 10वीं क्लास के बाद मशहूर गणितज्ञ और पद्मश्री से सम्मानित आनंद कुमार के सुपर 30 (Super 30) से हुई, जो मेहनती और गरीब छात्रों को फ्री में आईआईटी की तैयारी कराता है. इसी सुपर 30 से प्रेरित फिल्म में ऋतिक रोशन ने अभिनय किया था. इसके बाद आदित्य ने स्कॉलरशिप हासिल की और पहले ही प्रयास में आईआईटी प्रवेश परीक्षा क्लियर कर आईआईटी कानपुर पहुंचे, जहां वे टॉपर भी रहे.
2024 में लॉन्च की थी Multibagg AI
आईआईटी कानपुर में पढ़ाई के दौरान आदित्य ने उस समय मशीन लर्निंग (ML) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर काम शुरू किया, जब ये तकनीकें अभी आम नहीं थीं. खासतौर पर उन्होंने लैंग्वेज मॉडल्स पर शुरुआती दौर में गहरी समझ बनाई. इसी मजबूत तकनीकी आधार के साथ आदित्य ने साल 2024 की शुरुआत में Multibagg AI लॉन्च की. यह एक स्टॉक रिसर्च प्लेटफॉर्म है, जो कंपनियों के आधिकारिक दस्तावेजों और फाइलिंग्स पर आधारित जानकारी देता है. इसका मकसद निवेशकों को अफवाहों से दूर और तथ्यों के आधार पर फैसले लेने में मदद करना है.
सभी शार्क्स से ऑफर
शार्क टैंक इंडिया का पांचवां सीजन (Shark Tank India 5) में आदित्य के पिच को सभी शार्क्स से ऑफर मिले. अंत में उन्होंने अमन गुप्ता के साथ 50 लाख रुपये में 2% इक्विटी का सौदा तय किया.
शार्क टैंक इंडिया के प्लेटफॉर्म तक पहुंचना आदित्य के लिए सपने जैसा
अपने सफर पर बात करते हुए आदित्य आनंद ने कहा कि छोटे गांव से निकलकर आईआईटी और फिर शार्क टैंक इंडिया के प्लेटफॉर्म तक पहुंचना उनके लिए सपने जैसा है. उन्होंने कहा कि Multibagg AI का लक्ष्य निवेशकों को साफ, भरोसेमंद और तथ्यपरक जानकारी देना है, ताकि वे सही फैसले ले सकें.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.