फ्रैक्टल एनालिटिक्स (Fractal Analytics) का शेयर सोमवार को शेयर बाजार में लिस्टिंग के पहले ही दिन दबाव में दिखा और निर्गम मूल्य 900 रुपये से नीचे बंद हुआ. एनएसई और बीएसई दोनों एक्सचेंजों पर शेयर ने कमजोरी दिखाई, जबकि बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मजबूती के साथ बंद हुए. आईपीओ को 2.66 गुना सब्सक्रिप्शन मिलने के बावजूद लिस्टिंग गेन नहीं मिला और शेयर 7 प्रतिशत तक गिरावट के साथ बंद हुआ. कंपनी का मार्केट कैप बीएसई पर करीब 14,572 करोड़ रुपये रहा, जबकि आईपीओ का साइज 2,834 करोड़ रुपये था.
एनएसई में फ्रैक्टल एनालिटिक्स का शेयर 876 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से करीब 2.67 प्रतिशत कम था. कारोबार के दौरान शेयर 897.30 रुपये के उच्चतम स्तर तक गया, लेकिन आखिर में यह 6.92 प्रतिशत गिरकर 837.70 रुपये पर बंद हुआ. बीएसई पर शेयर ने 900 रुपये पर स्थिर शुरुआत की, लेकिन बाद में कमजोरी बढ़ी और यह 5.84 प्रतिशत गिरकर 847.40 रुपये पर बंद हुआ. कारोबारी सत्र के अंत में बीएसई पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 14,572.32 करोड़ रुपये रहा.
ट्रेडिंग वॉल्यूम और निवेशकों की दिलचस्पी
संख्या के हिसाब से एनएसई में फ्रैक्टल एनालिटिक्स के 68.19 लाख शेयरों का कारोबार हुआ, जबकि बीएसई में 4.21 लाख शेयरों का ट्रेड हुआ. इससे साफ होता है कि लिस्टिंग के पहले दिन शेयर में अच्छी ट्रेडिंग गतिविधि रही, लेकिन खरीदारी का दबाव मजबूत नहीं था.
आईपीओ का साइज और सब्सक्रिप्शन डिटेल
पिछले सप्ताह फ्रैक्टल एनालिटिक्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम को बोली के आखिरी दिन 2.66 गुना अभिदान मिला था. कंपनी ने आईपीओ के लिए 857 रुपये से 900 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया था. 2,834 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 1,023.5 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए, जबकि 1,810.4 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश शामिल थी. फ्रैक्टल एनालिटिक्स की कमजोर लिस्टिंग के बावजूद बाजार में तेजी दिखी. बीएसई सेंसेक्स 650.39 अंक या 0.79 प्रतिशत चढ़कर 83,277.15 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 211.65 अंक या 0.83 प्रतिशत बढ़कर 25,682.75 के स्तर पर बंद हुआ.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.