Ambikapur Famous Auto Chilla Seller: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक बुजुर्ग व्यक्ति का मूंग चीला इन दिनों लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया है. वह अपने ऑटो में मूंग चीला बेचते हैं और रोजाना शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक लोगों की भीड़ लगी रहती है. खास बात यह है कि करीब 5 घंटे में तैयार होने वाला मूंग चीला उतने ही समय में बिक भी जाता है. पवन शर्मा रोज करीब 500 पीस मूंग चीला बेचकर लगभग 10 हजार रुपये तक की कमाई कर लेते हैं. स्वादिष्ट चटनी और खास अंदाज में बनने वाला यह स्ट्रीट फूड अब अंबिकापुर की पहचान बन चुका है.
5 घंटे में बनता है और 5 घंटे में बिक जाता है
मूंग चीला बेचने वाले पवन शर्मा बताते हैं कि उनका मशहूर मूंग चीला तैयार होने में करीब 5 घंटे का समय लगता है और उतने ही समय में लगभग पूरा बिक भी जाता है. वह बताते हैं कि मूंग चीला बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को भिगोकर रखा जाता है. इसके बाद उसे पीसकर घोल तैयार किया जाता है. फिर उसमें मसाले मिलाए जाते हैं और ऊपर से प्याज डाली जाती है. इसके बाद तवे पर इसे बनाकर गर्म-गर्म प्लेट में परोसा जाता है. साथ में टमाटर की चटनी और खजूर की खास चटनी दी जाती है, जो इसका स्वाद और बढ़ा देती है.
रोजाना बिकते हैं करीब 500 मूंग चीला
पवन शर्मा बताते हैं कि मूंग चीला सिर्फ गर्मियों में ही नहीं बल्कि सालभर लोगों को पसंद आता है. उनके अनुसार रोजाना करीब 500 मूंग चीला बिक जाते हैं, जिससे उनकी कमाई करीब 10 हजार रुपये तक हो जाती है. स्वाद और खास चटनी की वजह से लोग दूर-दूर से यहां मूंग चीला खाने के लिए आते हैं.
ऑटो में रखकर गांव-कस्बों तक पहुंचाते हैं स्वाद
पवन शर्मा का काम करने का तरीका भी थोड़ा अलग है. वह अपना सारा सामान ऑटो में रखते हैं और शहर के अलग-अलग इलाकों के साथ आसपास के कस्बों और गांवों में भी जाकर दुकान लगा लेते हैं. जहां ग्राहक मिलते हैं वहीं ठेला लगाकर मूंग चीला बेचने लगते हैं.
गर्मियों में और भी मिलते हैं खास स्ट्रीट फूड
गर्मी के मौसम में पवन शर्मा सिर्फ मूंग चीला ही नहीं बल्कि दही बड़ा, फालूदा और गुझिया चाट भी बेचते हैं. इनकी कीमत करीब 40 रुपये प्रति प्लेट होती है और लोग इन्हें भी काफी पसंद करते हैं.
अकेले ही संभालते हैं पूरा काम
पवन शर्मा बताते हैं कि वह रोज शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक दुकान लगाते हैं. इसके लिए वह घर पर ही सारी तैयारी करके निकलते हैं. सबसे खास बात यह है कि मूंग चीला बनाने से लेकर बेचने तक का सारा काम वह अकेले ही संभालते हैं. यही वजह है कि उनका यह छोटा सा स्ट्रीट फूड कारोबार आज अंबिकापुर में एक अलग पहचान बना चुका है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.