युद्ध की खबरों के बीच सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं. एक्सपर्ट चेतावनी दे रहे हैं कि महंगे सोने पर ज्यादा कर्ज लेना रिस्क भरा हो सकता है, क्योंकि कीमतें कभी भी गिर सकती हैं और कर्ज चुकाने में दबाव बढ़ सकता है.
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल में गोल्ड लोन में करीब 125% की भारी बढ़त देखी गई है. सोना महंगा होने की वजह से लोग पुराने गहनों पर अब ज्यादा लोन ले पा रहे हैं. लेकिन जानकारों का कहना है कि यहीं सबसे बड़ा रिस्क छिपा है.
जब सोने की कीमतें बढ़ती हैं, तो आपके गिरवी रखे गहनों की ‘कोलैटरल वैल्यू’ बढ़ जाती है. बैंक और फाइनेंस कंपनियां सोने की बाजार कीमत का करीब 75% तक लोन देती हैं. महंगा सोना देखकर लोग अपनी वित्तीय क्षमता से ज्यादा कर्ज उठा लेते हैं, जो बाद में भारी पड़ सकता है. एसएमसी ग्लोबल सिक्योरिटीज की वंदना भारती ने बताया युद्ध की खबरों से कीमतों में आया उछाल अक्सर भावनात्मक और अस्थाई होता है. जैसे ही तनाव कम होता है, कीमतों में तेज गिरावट आ सकती है.
गोल्ड लोन लेने से पहले इन 3 बातों को समझें:
- कीमतों की गिरावट: अगर सोने के दाम 5-10% भी गिरते हैं, तो बैंक आपसे अतिरिक्त मार्जिन मनी मांग सकता है. फाइनेंशियल एक्सपर्ट परमदीप सिंह कहते हैं कि कई बार कर्ज लेने वाले इस ‘वोलेटिलिटी’ को समझ नहीं पाते और बैंक बहुत जल्दी नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर देते हैं.
- नीलामी का डर: गोल्ड लोन लेना आसान है, लेकिन किस्त न चुकाने पर गहने खोने का डर बना रहता है. यह केवल फाइनेंशियल नहीं, बल्कि भावनात्मक नुकसान भी है.
- शॉर्ट-टर्म का बोझ: गोल्ड लोन अक्सर छोटी अवधि के लिए होते हैं. अगर आपकी कमाई का जरिया तय नहीं है, तो महंगे सोने के लालच में बड़ा लोन न लें.
अगर आप गोल्ड लोन लेना चाहते हैं, तो इसे केवल ‘इमरजेंसी’ या ‘प्रोडक्टिव काम’ के लिए ही लें. केवल इसलिए लोन न लें क्योंकि सोने के दाम बढ़े हुए हैं. याद रखें कि युद्ध के समय बाजार अनिश्चित होता है. आज की ऊंची कीमतें कल बड़ी गिरावट में बदल सकती हैं, जो आपको कर्ज के जाल में फंसा सकती हैं.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.